आजम खान की और बढ़ी मुश्किलें, जल निगम भर्ती घोटाले में दोषी करार
1 min read
यूपी के पूर्व मंत्री और सांसद आजम खान की मुश्किलें और बढ़ती ही जा रही हैं। जल निगम भर्ती घोटाले में आजम खान दोषी पाए गए हैं। एसआईटी ने सीतापुर जेल में बंद आजम खान को प्रोडक्शन वारंट भेजा है। मामले में एसआईटी ने 25अप्रैल 2018 को आजम खान के खिलाफ केस दर्ज किया था, अब जल्द ही चार्जशीट फाइल करेगी । इसमें आजम के अलावा तत्कालीन नगर विकास सचिव एसपी सिंह, जल निगम के पूर्व एमडी पीके आसुदानी और जल निगम के तत्कालीन मुख्य अभियंता अनिल खरे को नामजद करते हुए परीक्षा कराने वाली संस्था मेसर्स एपटेक लिमिटेड के अज्ञात अधिकारियों को अभियुक्त बनाया गया था।

आपको बता दें कि एसपी शासनकाल में जल निगम में जेई के 853 और क्लर्क के 335 पदों के साथ असिस्टेंट इंजीनियर के 117 पदों पर भर्तियां हुई थीं।आजम खान पर आरोप है कि 122 सहायक अभियंता, 853 अवर अभियंता समेत कुल 1300 पद थे, जिनकी भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता बरती गई। आरोप है कि 2016-17 में जल निगम के भर्ती बोर्ड का चेयरमैन रहते हुए आजम खान द्वारा 1300 पदों पर भर्ती में गड़बड़ी की गई। एसआईटी की जांच में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह दोषपूर्ण पाए जाने के बाद जल निगम ने पूर्व में जारी नियुक्ति आदेशों को निरस्त करते हुए भर्तियों को नियुक्ति तिथि से ही शून्य घोषित कर दिया गया था। योगी सरकार आने के बाद मामले की जांच एसआईटी को सौंपी गई थी।
