कृषि बिल के खिलाफ 8 दिसंबर को किसानों का ‘भारत बंद’, राजनीतिक पार्टियों और कई यूनियन का भी मिला समर्थन
1 min read
दिल्ली बॉर्डर पर डटे किसान अब देशव्यापी आंदोलन करने जा रहे हैं।देश भर के किसान संगठनों ने 8 दिसंबर को भारत बंद का ऐलान किया है। इस बंद में पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, यूपी, उत्तराखंड समेत कई राज्यों के किसान संगठन हिस्सा लेंगे। ऑल इंडिया किसान संघर्ष कमेटी के बैनर तले बुलाए गए भारत बंद में देशभर के 400 से ज्यादा किसान संगठन शामिल हैं। कई राजनीतिक पार्टियों, व्यापारिक यूनियन और संगठन भी किसानों के भारत बंद के आह्वान का समर्थन का किया है।

नए कृषि बिल के खिलाफ किसानों को प्रदर्शन करते हुए 11 दिन बीत चुके हैं। अपनी मांगों पर अड़े किसानों की सरकार के साथ 5 दौर की बातचीत बेनतीजा रही है। अब छठे दौर की बातचीत 9 दिसंबर को होगी। इससे पहले किसानों का भारत बंद सरकार के लिए बड़ी परेशानी का सबब ना बन जाए। बॉर्डर पर अड़े किसान और उनको मिल रहे भारी समर्थन ने सरकार के माथे पर बल जरूर डाल दिया है।
मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस RJD, TRS, AAP, DMK, NCP, PAGD, SP, CPIM, CPI, CPIMIL, AIFB, RSP ने भी राष्ट्रव्यापी बंद का समर्थन किया है।
राजनीतिक पार्टियों के साथ-साथ 10 से ज्यादा ट्रेड यूनियन ने भी अपना समर्थन देने का ऐलान किया है। ITTA के अध्यक्ष ने कहा कि 51 यूनियनों ने किसानों के साथ आने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि खेती और ट्रांसपोर्टिंग एक पिता के 2 बेटे की तरह हैं।
ओलंपिक पदक विजेता बॉक्सर विजेंदर सिंह भी किसान आंदोलन में कूद पड़े हैं। दिल्ली-हरियाणा के सिंघु बॉर्डर पर किसानों के बीच पहुंचे। विजेंदर सिंह ने कहा कि केंद्र अगर तीनों काले कानूनों को वापस नहीं लेती तो वो अपना राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड लौटा देंगे। विजेंदर सिंह को 2009 में राजीव गांधी खेल रत्न से नवाजा गया था। ये देश का सर्वोच्च खेल सम्मान है। विजेंदर सिंह 2019 में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं।
तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग पर अड़े किसानों और सरकार के बीच अब तक बात नहीं बन पाई। इस बीच सरकार ने कृषि कानूनों में संशोधन करने के संकेत दिए थे और इसके लिए संसद का विशेष सत्र भी बुला सकती है।
भारत बंद के आह्वान को देखते हुए यूपी के सीएम योगी ने सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान को पूरी सतर्कता बरतने और लगातार पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया है ।
सीएम योगी ने बंद को लेकर अफसरों और किसान संगठनों से बातचीत करने को कहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को लगातार बताया जाए कि राज्य सरकार उनके हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों से एमएसपी पर फसल खरीदी जा रही है। उन्हें बीज, खाद और सिंचाई की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।
